Tuesday, March 23, 2010

प्रतिभा सिंह को भिखारी ठाकुर सम्मान 27 मार्च को आरा में

कोलकाताः भोजपुरी की विख्यात गायिका और अभिनेत्री सिंह को भिखारी ठाकुर सम्मान-2010 प्रदान किया जायेगा। यह भिखारी ठाकुर सामाजिक शोध संस्थान, भोजपुर, आरा द्वारा प्रदान किया जाता है। संस्थान के अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह ने यह जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि यह सम्मान 27 मार्च की शाम आरा में आयोजित एक भव्य संगीत समारोह में प्रदान किया जायेगा।

प्रतिभा सिंह पिछले एक दशक से भोजपुरी गायकी में अपने गायन से अपना विशिष्ट स्थान बना पाने में कामयाब रही हैं। उनके एक दर्जन से अधिक कैसेट व सीडी जारी हुए हैं जिन्हें एचएमवी-सारेगामा, प्राइम, न्यू विक्टोरिया और स्काइ ने जारी किया है। हाल ही में उन्होंने अभिनय व पार्श्व गायन की दुनिया में कदम रखा है और 'भाई होखे त भरत नियन', 'बहिना तोहरे खातिर' आदि फिल्मों में काम किया है। कुछ और फिल्मों में वे गायन और अभिनय कर रही हैं जिनमें 'आई हो दादा' और 'माटी मांगे खून' प्रमुख हैं।
प्रतिभा बलिया जिले के रोहुआं-तिवारी गांव की रहने वाली हैं। उन्होंने शास्त्रीय संगीत की भी विधिवत तालीम ली है। देश भर में सैकड़ों स्टेज शो करने वाली प्रतिभा को इसके पहले आकांक्षा संस्कृति सम्मान मिला है। उनके कार्यक्रम व इंटरव्यू ईटीवी, महुआ, ताजा़ टीवी, अहिंसा, दूरदर्शन आदि पर भी आते रहे हैं।