Tuesday, October 28, 2014

अंतरराष्ट्रीय भोजपुरी महोत्सव में भाग लेने मॉरीशस गयीं प्रतिभा सिंह

दुबई में एनआरआई समुदाय का भी आमंत्रण

मुंबई के अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भारतीय प्रतिनिधिमंडल के साथ प्रतिभा सिंह

कोलकाताः विख्यात भोजपुरी गायिका व अभिनेत्री प्रतिभा सिंह मारीशस सरकार के निमंत्रण पर वहां आयोजित अंतरराष्ट्रीय भोजपुरी महोत्सव में भाग लेने जा रही हैं। छह दिवसीय यह आयोजन 30 अक्टूबर से 4 नवंबर तक आयोजित है। उन्होंने आज बुधवार को तड़के मुंबई के छत्रपति शिवाजी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से फ्लाइट पकड़ी।
2 नवम्बर 1834 को भारत से गिरमिटिया मजदूरो की पहली खेप मारीशस पहुँची थी। इसी की याद मे मारीशस सरकार ने इस महोत्सव का आयोजन किया है जिसमें भारत, ग्रेट ब्रिटेन, यूनाइटेड स्टेट्स, दक्षिण अफ्रीका, सूरीनाम, हॉलैंड, थाईलैंड, सिंगापुर, त्रिनिदाद, गुयाना आदि देशों के प्रतिनिधियों को आमंत्रित किया गया है। रिपब्लिक आफ मारीशस के मिनिस्ट्री आफ आर्ट एंड कल्चर की इकाई भोजपुरी स्पीकिंग यूनियन की ओर से प्रतिभा सिंह को आमंत्रित किया गया है। उसकी चेयरपर्सन डॉ.सरिता बूधू हैं। इस अंतरराष्ट्रीय महोत्सव में महिलाओं की स्थिति, भोजपुरी भाषा, साहित्य, मीडिया,  नाटक सहित विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित हैं।
प्रतिभा सिंह मॉरीशस के कार्यक्रमों में भाग लेने के बाद दुबई जायेंगी, जहां भारतीय मूल के लोगों ने उन्हें आमंत्रित किया है। कई सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेकर वे दुबई से 10 नवम्बर को कोलकाता के लिए फ्लाइट पकडेंगी।  प्रतिभा सिंह ने कई भोजपुरी फिल्मों में अभिनय और पार्श्व गायन किया है। वे अपने स्टेज शो के लिए खास तौर पर जानी जातीं हैं। वे हाल ही में बैंकाक में भोजपुरी गीतों की धूम मचा कर लौटी हैं।

No comments: